Wednesday, 11 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Wednesday, 11 January 2012
(माघ कृष्ण द्वितीया, वि.सं.-२०६८, बुधवार)

प्रश्नोत्तरी

प्रश्न - कर्म से स्थाई प्रसन्नता क्यों नहीं मिलती है ?
उत्तर - कर्म, शरीर, व संसार, इन तीनों का स्वरूप एक ही है । इनकी कोई स्वतन्त्र सत्ता नहीं है । जिसकी स्वतन्त्र सत्ता नहीं है उससे स्वतन्त्रता नहीं मिल सकती। स्वतन्त्रता के बिना प्रसन्नता कहाँ ? अतः कर्मादि से प्रसन्नता नहीं मिल सकती ।

प्रश्न - कर्म किस प्रकार करना चाहिए ?
उत्तर - कर्म विश्व-प्रेम के भाव से करना चाहिए । ऐसा करने से भोगों का यथार्थ ज्ञान हो जाता है । भोगों का यथार्थ ज्ञान होने पर त्याग अपने आप होता है । फिर कर्म करने में रूचि नहीं रहती। करने के राग की निवृति हो जाती है और योग प्राप्त होता है।

प्रश्न - मनुष्य को शान्ति क्यों नहीं मिलती ?
उत्तर - कामना पूरी करने के लिए कर्म करने से शान्ति नहीं मिलती । साधक यदि चित-शुद्धि का प्रयत्न करे, तो शान्ति अपने आप आ जाती है ।

प्रश्न - भगवान् हमसे प्रेम करते हैं, यह कैसे मालूम हो ?
उत्तर - भगवान् पर विश्वास हो और उनसे हमारा सम्बन्ध हो, तब मालूम हो सकता है । जैसे माता अपने बच्चे के लिए तरसती है, वैसे ही भगवान् अपने भक्त के लिए तरसते हैं । बच्चा काला-कलूटा, गूँगा-बहरा, लूला-लँगड़ा कैसा भी हो, माता उससे प्रेम करती है । बच्चा भी यह बात समझता है । भगवान् में तो माता से अनेक गुना वात्सल्य है । फिर वे भक्त से प्रेम करें, इसमें कहना ही क्या ? अतः जो एकमात्र भगवान् को ही मानते हैं, उनको भगवान् का प्रेम मिलता है । इसमें सन्देह नहीं है। यह भक्तों का अनुभव है । ईश्वर प्रेमीभक्त को ढूँढ़ता है। विचारशील साधक ईश्वर को ढूँढ़ता है ।

प्रश्न - अपने दोष कैसे देखें और उसको कैसे मिटाएँ ?
उत्तर  - गुण और दोषों को देखने की शक्ति प्रत्येक मनुष्य में विद्यमान है । जिस योग्यता से हम दूसरों के दोषों को देखते हैं, उसी योग्यता से अपने दोषों को देखें । अपने दोषों को ठीक-ठीक देख लेने पर गहरा दुःख होता है । गहरा दुःख होने से दोष दूर हो जाते हैं । दूसरों के दोष और अपने गुण देखने से मनुष्य का विकास रुक जाता है और अभिमान पुष्ट होता है ।

-(शेष आगेके ब्लागमें) 'प्रश्नोत्तरी' पुस्तक से, (Page No. 12-13) । 

Tuesday, 10 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Tuesday, 10 January 2012
(माघ कृष्ण प्रतिपदा, वि.सं.-२०६८, मंगलवार)

सब साधनों का सार

1. भक्ति : सब प्रकार से प्रेम के पात्र हो जाओ यही भक्ति है ।

2. मुक्ति : अपनी प्रसन्नता के लिए किसी अन्य की ओर मत देखो । यही मुक्ति है ।

3. त्याग : संसार की दासता मन से निकाल दो यही त्याग है ।

4. जो कुछ हो रहा है, वह मंगलमय विधान से हो रहा है - ऐसा मान लेने से निश्चिन्तता आती है ।

5. जो शरीर, प्राण आदि वस्तु व्यक्ति को अपना नहीं मानता - वह निर्भय हो जाता है ।

6. जो "है" (भगवान्) वही मेरा अपना है - इसमें जिसने आस्था स्वीकार कर ली, उसी में प्रियता उदित होती है ।

7. निश्चिन्तता से शान्ति, निर्भयता से स्वाधीनता तथा प्रियता से रस की अभिव्यक्ति होती है । यही मानव की माँग (लक्ष्य) है ।

8. उसे सब कुछ मिल जाता है जो किसी का बुरा नहीं चाहता है ।

9. कार्य उसी का सिद्ध होता है, जो दूसरों के काम (न्यायोचित काम) आता है ।

10. मोहयुक्त क्षमा, क्रोधयुक्त त्याग और लोभयुक्त उदारता निरर्थक है ।

11. भाव में पवित्रता हो, कार्य में कुशलता हो और लक्ष्य (परमात्मा) पर दृष्टि हो, तो प्रत्येक प्रवृति से परमात्मा की प्राप्ति हो जाती है ।

12. पालन-पोषण व शिक्षा पाकर ही मानव कुछ देने के योग्य होता है । इससे स्पष्ट है कि लिया हुआ देना है । परिवार के जो सदस्य समर्थ हैं वे असमर्थ बालकों और वृद्धों की सेवा करें । यह सद्भावना समाज के लिए उपयोगी है । जिसकी सेवा की जाती है उसकी अपेक्षा सेवा करनेवाले का अधिक विकास होता है ।

13. सम्पन्न व्यक्ति दुखियों के काम आयें - क्योंकि समस्त बल निर्बलों की धरोहर है । सबके भले में ही अपना भला है । सबल व निर्बल की एकता ही समाज का सुन्दर चित्र है ।

14. संसार उसी को प्यार करता है जो दूसरों के काम आता है। और संसार के काम वही प्राणी आता है जो सब प्रकार से भगवान् का हो जाता है ।

15. पूर्ण जीवन क्या है ? - शरीर विश्व के काम आ जाए, हृदय प्रीति से छका रहे और अहम् अभिमान शून्य हो जाय ।

॥ हे मेरे नाथ! तुम प्यारे लगो, तुम प्यारे लगो! ॥

Monday, 9 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Monday, 09 January 2012
(पौष शुक्ल पूर्णिमा, वि.सं.-२०६८, सोमवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
अहंकृत-रहित होना

        जिसने हमारा और जगत् का निर्माण किया, उसने अपने ही में से किया है । इस दृष्टि से हम और जगत् उससे अभिन्न हैं। किन्तु प्रमाद के कारण आज हमें जगत् और जगत्पति से भिन्नता प्रतीत होती है । इस भिन्नता का अन्त किए बिना जीवन उपयोगी नहीं हो सकता ।

        जब हम जगत् से कुछ आशा करते हैं, तब जगत् से भिन्नता प्रतीत होती है और जब जगत्पति में हमारी अगाध प्रियता नहीं रहती, तब उनसे हमारी भिन्नता प्रतीत होती है ।

        यदि विचारपूर्वक जगत् से आशा न करें और मिली हुई वस्तु, योग्यता, सामर्थ्य, जो जगत्पति ने जगत् की सेवा के लिए दी है, वे उसी कि सेवा में अर्पित कर दें, तो शरीर आदि से असंगता और जगत् से अभिन्नता स्वतः हो जाएगी, जिसके होते ही शरीर और विश्व की एकता स्वतः सिद्ध होगी । शरीर और विश्व की एकता का अनुभव हमें जगत्पति से नित्य सम्बन्ध तथा आत्मीयता जाग्रत करने में सहयोगी होगा, कारण, कि जब शरीर अपना करके नहीं रहा, तब अपनी अहंता उन्हीं की आत्मीयता में परिणत हो गई, जिन्होंने मेरा और जगत् का निर्माण किया था । इस दृष्टि से मानव अचाह हो कर जगत्पति से अभिन्न हो, कृतकृत्य हो जाता है ।

        अचाह होते ही सेवा और प्रेम सहज हो जाता है । प्रेम से सेवा और सेवा से प्रेम पोषित होता है । अथवा यों कहो कि प्रेम का क्रियात्मक रूप सेवा और सेवा का लक्ष्य प्रेम है । प्रेम किसी प्रकार की भिन्नता नहीं रहने देता, यह प्रेम की महिमा है ।

        पर जबतक साधक अपने लिए कुछ भी करता है, तबतक सेवा और प्रेम का अधिकारी नहीं होता । जिसे अपने लिए कुछ भी करना नहीं है, वही अपने लिए उपयोगी सिद्ध होकर सभी के लिए उपयोगी होता है ।

 -  'साधन-निधि' पुस्तक से । (Page No. 24-25)

Sunday, 8 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Sunday, 08 January 2012
(पौष शुक्ल चतुर्दशी, वि.सं.-२०६८, रविवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
अहंकृत-रहित होना

        प्राप्त ज्ञान का प्रकाश मिली हुई सामर्थ्य, वस्तु, योग्यता आदि से सम्बन्ध-विच्छेद करने की प्रेरणा देता है, अर्थात् वास्तविकता को स्पष्ट करता है । वास्तविकता को अपनाते ही अपना करके वही सिद्ध होता है, जो अपने को जानता है । साधक जिसको (संसार को) जानता है, वह उसका अपना नहीं है, अपने लिए नहीं है, यही सिद्ध होता है ।

        कैसी विचित्र बात है कि अपने वे (संसार के रचयिता) हैं, जिन्हें हम नहीं जानते, अपितु जो हमें जानते हैं । उन्हीं में अविचल आस्था-श्रद्धा और विश्वास पूर्वक आत्मीयता स्वीकार करना है । मिली हुई किसी भी वस्तु, योग्यता, सामर्थ्य आदि ने एक बार भी नहीं कहा कि हम तुम्हारे हैं ।

        हम जो (संसार के रचयिता) अपने हैं, उन्हें अपना न मानकर, जो अपना नहीं हैं, उसे (संसार को) अपना मानते हैं। इस भूल का अन्त करने के लिए प्रत्येक साधक को ममता, कामना, तथा अधिकार-लोलुपता को त्याग, अहंकृत-रहित होना अनिवार्य है । तभी जीवन अपने लिए उपयोगी होगा । अपने लिए उपयोगी होते ही जगत् के प्रति उदारता और जगत्पति के लिए प्रेम स्वतः जाग्रत होता है । यह मंगलमय विधान है ।

 - (शेष आगेके ब्लाग में) 'साधन-निधि' पुस्तक से । (Page No. 24)

Saturday, 7 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Saturday, 07 January 2012
(पौष शुक्ल त्रयोदशी, वि.सं.-२०६८, शनिवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
अहंकृत-रहित होना

        सेवा और त्याग दोनों ही दैवी सम्पत्ति हैं, मनुष्य की उपार्जित नहीं हैं, किन्तु प्रमादवश साधक आरोप कर लेता है कि 'मैंने त्याग किया है' और 'मैं सेवा करता हूँ' । जब अपना करके अपने में कुछ है ही नहीं, तो त्याग कैसा ? और जो वस्तु जिसकी है, उसे मिल गई, तो सेवा कैसी ? सेवा और त्याग तो वैज्ञानिक तथ्य हैं, जो स्वतः सिद्ध हैं । उनमें करने कराने का अभिमान भूल-जनित है। 'अपने लिए अपने को कुछ नहीं करना है', यह अपना लेने पर ही जीवन निर्ममता, निष्कामता एवं अधिकार-लोलुपता से रहित होता है ।

        कभी-कभी साधक यह अनुभव करता है कि अपना दुःख मिटाने के लिए ही उसने सेवा तथा त्याग को अपनाया है । इस दृष्टि से तो ऐसा प्रतीत होने लगता है कि सब कुछ उसने अपने लिए ही किया है । परन्तु विचार यह करना है कि दुःख की उत्पत्ति का मूल क्या है ? तो यह स्पष्ट विदित होता है कि भूल ही दुःख की उत्पत्ति का मूल है । भूल-रहित होने का परिणाम ही सेवा और त्याग है । अतएव भूल-रहित होना ज्ञान है, कर्म नहीं। इस कारण ज्ञान के प्रभाव से ही सेवा और त्याग की सिद्धि होती है।

        ज्ञान प्रत्येक साधक में मौजूद है । ज्ञान के अनादर से ही भूल उत्पन्न होती है । निज-ज्ञान का अनादर मानव स्वयं कर बैठता है। जिस अनन्त ज्ञान से मानव को ज्ञान मिला है, वह मानव का इतना अपना है कि उसे यह अनुभव ही नहीं होने देता कि प्राप्त ज्ञान उसका अपना नहीं है । यह मानव के प्रति अनन्त की आत्मीयता है । किन्तु मानव प्रमादवश, जो उसे अपना मानता है, उसे वह अपना नहीं मानता, अपितु उससे मिली हुई वस्तु, योग्यता, सामर्थ्य आदि को अपना मान लेता है ।

 - (शेष आगेके ब्लाग में) 'साधन-निधि' पुस्तक से । (Page No. 23-24)

Friday, 6 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Friday, 06 January 2012
(पौष शुक्ल द्वादशी, वि.सं.-२०६८, शुक्रवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
अहंकृत-रहित होना

        अपने लिए एकमात्र चिर-विश्राम ही उपयोगी है। विश्राम की उपलब्धि विचार-सिद्ध है । विचार का उदय शारीरिक श्रम से नहीं होता, अपितु निज-ज्ञान के आदर में ही निहित है, जो साधक को अपने ही द्वारा करना है। ज्ञान का आदर श्रम-साध्य उपाय नहीं है, अपितु श्रम-रहित होने पर ही ज्ञान का प्रकाश स्पष्ट होता है ।

        'ज्ञान' अज्ञान का नाशक है तथा अपने ही द्वारा अपने आप का प्रकाशक है । ज्ञान से ही सभी प्रकाशित होते हैं, ज्ञान को कोई अन्य प्रकाशित नहीं करता । जिससे सब कुछ जाना जाता है, उसको किसी अन्य के द्वारा नहीं जाना जाता । अतः अपने लिए कोई कृत (कार्य) अपेक्षित नहीं है । निज ज्ञान के आदर मात्र से ही साधक देहाभिमान रहित हो, विश्राम पाता है ।

        साधक जिन उपकरणों से जगत् को देखता है, उनसे अपने को नहीं देख सकता । अपने को अपने ही द्वारा अनुभव करता है। अपने को अनुभव करने के लिए अपने से भिन्न किसी करण की अपेक्षा नहीं होती । समस्त प्रवृतियाँ, अर्थात् कर्म शरीर, इन्द्रिय, मन, बुद्धि आदि के द्वारा ही सिद्ध होते हैं और उन प्रवृतियों का सम्बन्ध जगत् के साथ होता है, अपने प्रति नहीं ।

        अहितकर प्रवृतियों का त्याग करने पर हितकर प्रवृतियाँ स्वतः होने लगती हैं । साधक प्रमादवश सर्व-हितकारी प्रवृतियों के अभिमान को अपने में आरोपित कर, उनमें आबद्ध हो जाता है, अर्थात् स्वतः होनेवाली भलाई का फल भोगने लगता है । उसी का परिणाम यह होता है कि भोक्ता होकर बुराई करने लगता है। बुराई-रहित होना त्याग है, कर्म नहीं । बुराई-रहित होने का परिणाम स्वतः भलाई होना है । यह सेवा है कर्म नहीं । सेवा जगत् के लिए और त्याग अपने लिए उपयोगी है ।  

 - (शेष आगेके ब्लाग में) 'साधन-निधि' पुस्तक से । (Page No. 22-23)

Thursday, 5 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Thursday, 05 January 2012
(पौष शुक्ल पुत्रदा एकादशी, वि.सं.-२०६८, गुरुवार)

अहंकृत-रहित होना

        अहंकृत-रहित होते ही अहम् भाव रूपी अणु सदा के लिए मिट जाता है, जिसके मिटते ही, जो सदैव है, उससे किसी प्रकार की दुरी, भेद तथा भिन्नता नहीं रहती, अर्थात् योग, बोध और प्रेम की प्राप्ति स्वतः होती है । यह अनन्त का मंगलमय विधान है ।

        अपने लिए कुछ भी करने का प्रश्न तभी तक रहता है, जब तक मानव पराधीनता से उत्पन्न मान और भोग की रूचि की पूर्ति में ही जीवन-बुद्धि स्वीकार करता है, जो वास्तव में भूल है, अर्थात् भूल-काल में ही अपने लिए कुछ करने की बात मानव स्वीकार करता है ।

        जीवन उपयोगी हो जाय, यह तभी सम्भव होगा, जब अपने लिए कुछ भी करना शेष न रहे; कारण, कि 'अपने लिए कुछ करना है', यह स्वीकार करते ही कर्म-सामग्री का आश्रय लेना अनिवार्य हो जाता है । सामग्री का आश्रय लेते ही साधक का मूल्य परिस्थिति से घट जाता है और फिर वह परिस्थितियों का दास हो जाता है ।

        परिस्थितियों की दासता साधक को न तो उदार होने देती है और न स्वाधीन रहने देती है । उदारता और स्वाधीनता के बिना, जीवन जगत् के लिए और अपने लिए उपयोगी नहीं हो सकता । जो जीवन अपने लिए और जगत् के लिए अनुपयोगी हो, क्या वह जीवन अपने आश्रय तथा प्रकाशक एवं रचयिता के लिए उपयोगी हो सकता है ? कदापि नहीं; कारण, कि प्रेम का प्रादुर्भाव ही जीवन को जगत्-पति के लिए उपयोगी सिद्ध करता है ।

        स्वार्थ भाव और पराधीनता में आबद्ध मानव का भला, क्या प्रेम के साम्राज्य में प्रवेश हो सकता है ? कदापि नहीं । इस दृष्टि से प्रत्येक साधक के जीवन में उदारता तथा स्वाधीनता की अभिव्यक्ति होनी चाहिए, जो एकमात्र तभी हो सकती है, जब साधक को अपने लिए कुछ भी करना शेष न रहे ।

        जब यह स्पष्ट ही है कि इस शरीर में अहम् तथा मम-बुद्धि स्वीकार करना भूल है, तब यह अनिवार्य हो जाता है कि मिला हुआ और उसी की जाति का देखा हुआ अपने लिए नहीं है । 

 - (शेष आगेके ब्लाग में) 'साधन-निधि' पुस्तक से । (Page No. 21-22)