Thursday, 5 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Thursday, 05 January 2012
(पौष शुक्ल पुत्रदा एकादशी, वि.सं.-२०६८, गुरुवार)

अहंकृत-रहित होना

        अहंकृत-रहित होते ही अहम् भाव रूपी अणु सदा के लिए मिट जाता है, जिसके मिटते ही, जो सदैव है, उससे किसी प्रकार की दुरी, भेद तथा भिन्नता नहीं रहती, अर्थात् योग, बोध और प्रेम की प्राप्ति स्वतः होती है । यह अनन्त का मंगलमय विधान है ।

        अपने लिए कुछ भी करने का प्रश्न तभी तक रहता है, जब तक मानव पराधीनता से उत्पन्न मान और भोग की रूचि की पूर्ति में ही जीवन-बुद्धि स्वीकार करता है, जो वास्तव में भूल है, अर्थात् भूल-काल में ही अपने लिए कुछ करने की बात मानव स्वीकार करता है ।

        जीवन उपयोगी हो जाय, यह तभी सम्भव होगा, जब अपने लिए कुछ भी करना शेष न रहे; कारण, कि 'अपने लिए कुछ करना है', यह स्वीकार करते ही कर्म-सामग्री का आश्रय लेना अनिवार्य हो जाता है । सामग्री का आश्रय लेते ही साधक का मूल्य परिस्थिति से घट जाता है और फिर वह परिस्थितियों का दास हो जाता है ।

        परिस्थितियों की दासता साधक को न तो उदार होने देती है और न स्वाधीन रहने देती है । उदारता और स्वाधीनता के बिना, जीवन जगत् के लिए और अपने लिए उपयोगी नहीं हो सकता । जो जीवन अपने लिए और जगत् के लिए अनुपयोगी हो, क्या वह जीवन अपने आश्रय तथा प्रकाशक एवं रचयिता के लिए उपयोगी हो सकता है ? कदापि नहीं; कारण, कि प्रेम का प्रादुर्भाव ही जीवन को जगत्-पति के लिए उपयोगी सिद्ध करता है ।

        स्वार्थ भाव और पराधीनता में आबद्ध मानव का भला, क्या प्रेम के साम्राज्य में प्रवेश हो सकता है ? कदापि नहीं । इस दृष्टि से प्रत्येक साधक के जीवन में उदारता तथा स्वाधीनता की अभिव्यक्ति होनी चाहिए, जो एकमात्र तभी हो सकती है, जब साधक को अपने लिए कुछ भी करना शेष न रहे ।

        जब यह स्पष्ट ही है कि इस शरीर में अहम् तथा मम-बुद्धि स्वीकार करना भूल है, तब यह अनिवार्य हो जाता है कि मिला हुआ और उसी की जाति का देखा हुआ अपने लिए नहीं है । 

 - (शेष आगेके ब्लाग में) 'साधन-निधि' पुस्तक से । (Page No. 21-22)

Wednesday, 4 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Wednesday, 04 January 2012
(पौष शुक्ल एकादशी, वि.सं.-२०६८, बुधवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
प्रवचन - 1

        अगर आपको हित (संसार के हित का) का काम नहीं करना है तो मैं आपको मजबूर नहीं करता । आप बिल्कुल मत कीजिए । आपके भलाई न करने से संसार की बहुत बड़ी हानि नहीं हो जाएगी, लेकिन बुराई मत कीजिए। अगर आप भलाई नहीं करेंगे तो आपकी एक हानि हो जाएगी कि आप संसार में आदर के योग्य नहीं रहेंगे । यह आपकी हानि हो जाएगी, लेकिन आपके भला न करने से संसार की कोई हानि नहीं होगी ।

        तात्पर्य क्या निकला ? कि बुराई-रहित होने से संसार का लाभ होता है और भलाई करने से अपना व्यक्तिगत लाभ होता है। अगर आपको व्यक्तिगत लाभ चाहिए तो भलाई कीजिए, लेकिन केवल भलाई से काम नहीं चलेगा । कुछ लाभ होगा, कुछ लाभ मिलेगा किन्तु आप अचाह हो जाइए, कुछ मत चाहिए और उससे भी आगे का जीवन चाहिए तो प्रेमी हो जाइए । किसके? जिसको नहीं देखा है, उसके अथवा दूसरे शब्दों में कहें, सभी के। सभी के प्रेमी हो जाइए ।

        सभी के प्रेमी होने पर जगत् और परमात्मा दोनों आ गए। जिसको नहीं देखा है उसके प्रेमी होने पर परमात्मा आ गया। तो आप प्रेमी हो जाएँगे, तो आपको जीवन मिलेगा । स्वाधीन हो जाएँगे तो आपको जीवन मिलेगा, आप अगर भले हो जाएँगे, तो आपको जीवन मिलेगा । अगर आप बुराई-रहित हो जाएँगे, तो आपको जीवन मिलेगा । जीवन आपको मिल सकता है । ये सभी बातें आपके हमारे जीवन में रह सकती हैं, आ सकती हैं । जब चाहे तब । अभी चाहें तो अभी सदा के लिए बुराई-रहित हो सकते हैं। अभी चाहें तो भलाई कर सकते हैं । अभी चाहें तो अचाह हो सकते हैं । अभी चाहें तो प्रेमी हो सकते हैं । इसमें कोई सन्देह की बात नहीं है ।

        तो मैं आपसे निवेदन कर रहा था कि जीवन का जो सबसे सुन्दर चित्र है, जीवन की जो सबसे अच्छी तस्वीर है, उसकी प्राप्ति में हम सब समान हैं । और जो भाई, परिस्थितियाँ हैं, वे तो पिता-पुत्र की भी एक नहीं हैं । पति-पत्नी की भी एक नहीं हैं। सहोदर बन्धुओं की भी एक नहीं हैं । ये जो एक नहीं हैं, वह साध्य नहीं है; साधन-सामग्री है ।

        विचार कीजिए कि जिस चीज में भिन्नता है वह साध्य नहीं हो सकता । साध्य में भिन्नता नहीं होती, अभिन्नता होती है; एकता होती है । जिसमें भिन्नता है वह साध्य नहीं है; साधन-सामग्री है । साधन-सामग्री चाहे जैसी हो, उसका सदुपयोग करना होगा । उसके सदुपयोग से साध्य की प्राप्ति होगी । तो आपकी जो प्राप्त परिस्थिति है, जीवन नहीं है; साधन-सामग्री है ।  

 - 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 20-21)

Tuesday, 3 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Tuesday, 03 January 2012
(पौष शुक्ल दशमी, वि.सं.-२०६८, मंगलवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
प्रवचन - 1

        भाई जो मिला हुआ (संसार से मिला हुआ) सा लगता है, वह वास्तव में मिला हुआ है नहीं । मिला हुआ किसे कहते हैं ? अपनी भाषा में कहें तो जो अलग न हो । जो अलग हो जाय, वह मिला हुआ कैसा ? आप बताओ, ईमानदारी से तुमने जाग्रत में, स्वप्न में, सुषुप्ति में - तीनों अवस्थाओं को सामने रख लो । जाग्रत में कोई ऐसी अवस्था, वस्तु, परिस्थिति देखी है, जो अलग न हो । स्वप्न में कोई ऐसी अवस्था, वस्तु, परिस्थिति देखी है, जो अलग न हो । सुषुप्ति में जो जड़ता आती है, उस जड़ता में जो देखा हो वह अलग न होता हो ।

        जड़ता भी सदैव नहीं रहती । अवस्था, वस्तु, परिस्थिति भी सदैव नहीं रहती । जो सदैव रहता ही नहीं, उसे मिला कैसे मानते हो प्यारे ! वह मिला कैसे हो गया, जो सदैव रहेगा नहीं । अभी जैसा दीखता है, वैसा है नहीं । तब भी कहते हो कि मुझे मिल गया, मुझे मिल गया ! मुझे इतना धन मिल गया है, कि मेरा बैंक में एकाउंट इतना है । मैं तुम्हें चैलेंज देता हूँ कि बैंक में तुम्हारा एकाउंट रह जाएगा और वह तुम्हारे काम नहीं आएगा । या तो तुम ही छोड़कर चल बसोगे या बैंक ही फेल हो जाएगा अभी या कभी ।

        तो उसे मिला हुआ नहीं कहते जो सदैव न हो, सर्वत्र न हो और सभी के लिए न हो । वह मिला हुआ हो ही नहीं सकता। मिला हुआ वही हो सकता है, जो सदैव हो, सर्वत्र हो और सभी के लिए हो । उसी को मिला हुआ कह सकते हैं । जो सदैव नहीं है वह भी मिला हुआ नहीं है । जो सर्वत्र नहीं है, वह भी मिला हुआ नहीं; जो सभी के लिए नहीं, वह भी मिला हुआ नहीं । इसलिए संसार में कोई चीज हमें मिली है, यह बहुत बड़ा भ्रम है । यह भ्रम है, इस भ्रम को जीवन में से निकाल देना पड़ेगा ।

        हाँ अगर सुनकर मानना चाहते हैं तो मानिए कि जीवन अपने में है । जीवन का नाम परमात्मा रखा है, तो परमात्मा अपने में है । परमात्मा का नाम जीवन रखा है, तो जीवन अपने में है । आपने जीवन का नाम शान्ति रखा है, तो शान्ति अपने में है; अगर जीवन का नाम स्वाधीनता रखा है, तो स्वाधीनता अपने में है; अगर जीवन का नाम अमरत्व रखा है, तो अमरत्व अपने में है।

        अगर आपने अगाध अनन्त रस का नाम जीवन रखा है, तो अगाध अनन्त रस अपने में है । अगर सर्व दुखों की निवृति का नाम जीवन रखा है तो वह अपने में ही है । आपको जो चाहिए, वह आपमें है । यह अध्यात्म जीवन कहलाता है । अध्यात्म जीवन माने अपना जीवन कहलाता है । यह जीवन अपना है और अभी है । जो अपने में है, अभी है वह अध्यात्म जीवन कहलाता है।

        तो मैं यह निवेदन कर रहा था कि आप इस प्रकार की क्रान्ति अपने जीवन में लाइये कि शरीर के द्वारा, वस्तुओं के द्वारा, योग्यता के द्वारा कोई ऐसा काम नहीं करूँगा जो दूसरों के लिए अहितकर हो ।
 
 - (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 18-20)

Monday, 2 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Monday, 02 January 2012
(पौष शुक्ल नवमी, वि.सं.-२०६८, सोमवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
प्रवचन - 1

        हमने किसी पढ़े-लिखे के मुँह से सुना था कि अमेरिका में दो सौ जहाज हर समय देश पर घूमते रहते हैं । इस भय के मारे कि कहीं कोई देश हम पर आक्रमण न कर दे । यह भी कोई जीवन है, भय पीछा छोड़ता ही नहीं, अभय तुम हुए ही नहीं। जब तुम ही अभय नहीं हुए तो तुम्हारी सहायता हमें अभय कर देगी ? बिल्कुल नहीं कर देगी ।

        हे मानव, तुम मानव होने के नाते सोचो । अपने जीवन में क्या क्रान्ति लाना है ? तो यह क्रान्ति लाना है कि मैं उदार होकर संसार में रहूँगा, मैं स्वाधीन होकर रहूँगा, मैं प्रेमी होकर रहूँगा। और अगर आप उदार होकर रहना पसन्द करोगे, अगर आप स्वाधीन होकर रहना पसन्द करोगे, आप प्रेमी होकर रहना पसन्द करोगे तो आप सच मानिए, आपके जीवन में गरीबी नहीं रहेगी, आपके जीवन में अभाव नहीं रहेगा और आपके जीवन में नीरसता नहीं रहेगी । आपकी जितनी समस्याएँ हैं, सब हल हो जाएँगी ।

        लेकिन अगर आप यह सोचते हैं कि हम तो ऐसा तरीका सोच रहे हैं कि सारे संसार की सम्पत्ति हमारी हो जाय । सारे संसार की सम्पत्ति तो व्यक्तिगत हो नहीं जाएगी, लोभ के कारण जीवन में भयंकर दरिद्रता आ जाएगी । अगर आप सोचते हैं कि हमारा जीवन सदा बना रहे, तो मोह के कारण आप भय में आबद्ध हो जाएँगे । आप अभय नहीं हो जाएँगे । अमर जीवन आपको नहीं मिल जाएगा ।

        इसलिए भाई जो मिला हुआ सा लगता है, वह वास्तव में मिला हुआ है नहीं । मिला हुआ किसे कहते हैं ? अपनी भाषा में कहें तो जो अलग न हो । जो अलग हो जाय, वह मिला हुआ कैसा?  

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 17-18)

Sunday, 1 January 2012

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

        प्रिय पाठकगण ! लैपटाप के एडेप्टर में खराबी हो जाने के कारण ब्लाग पोस्ट अपडेट 18 Dec. 2011 to 31 Dec 2011 तक नहीं हो सका । अब इसे ठीक कर लिया गया है । आप सभी पाठकगण से अनुरोध है कि इस ब्लाग को (संतवाणी को) नियमित पढ़कर अपना जीवन दिव्य बनाएँ और अपने निकट प्रियजनों को भी इससे अवगत करा कर सत्य के मार्ग पर लगाने में सहभागी बनें । अंग्रेजी वर्ष के अनुसार 2012 वर्ष आप सभी के लिए मंगलमय हो और आपके जीवन में सत्य का अवतरण हो, इसी सद्भावना के साथ ॐ आनन्द ! ॐ आनन्द !

        Dear readers ! Due to damage of Laptop adapter, upadate of Blog post could not be done between 18 Dec. 2011 to 31 Dec. 2011. Now it has been corrected. It is humble request to all the readers to make thier life divine by daily reading of this blog (Santvani) and also become copartner in the path of truth for your near & dear ones by making awareness about this blog. According to English New Year, we wish that for all, the year 2012 be haapy & prosperous and incarnation of truth happens in your life. With these wishes, Om Anand ! Om Anand !

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Sunday, 01 January 2012
(पौष शुक्ल अष्टमी, अंग्रेजी नववर्ष, वि.सं.-२०६८, रविवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
प्रवचन - 1

        अब ये जीवन के दो पहलू हैं । एक भौतिक जीवन है, जो हमें प्रेरणा देता है कि दूसरों के काम आओ । और एक अध्यात्म जीवन है, जो हमें बताता है कि काम-रहित हो जाओ । काम-रहित होने की प्रेरणा हमें अध्यात्म जीवन से मिलती है और उदार होने की प्रेरणा हमें भौतिक जीवन से मिलती है । तो उदार भी आप हो सकते हैं और काम-रहित भी आप हो सकते हैं । और प्रेमी होने की प्रेरणा हमें ईश्वरवाद से मिलती है ।

        अगर आप भौतिकवादी हैं, तो भूखे रह कर, नंगे रह कर, कठिनाई सह कर दूसरों के काम आएँ और मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ, कि अगर तुम दूसरों के लिए बोलते हो, दूसरों के लिए सुनते हो, दूसरों के लिए सोचते हो, दूसरों के लिए काम करते हो तो तुम्हारी भौतिक उन्नति होती चली जाएगी । कोई बाधा नहीं डाल सकता । अगर तुम केवल अपने लिए सोचते हो तो दरिद्रता कभी नहीं जाएगी ।

        संसार में रहने का तरीका है - दूसरों के काम आने की सोचते रहो । काम आते रहो । यथाशक्ति काम आते रहो और काम आने की सोचते रहो । कितना अच्छा हो कि मैं संसार के काम आ जाऊँ । कितना अच्छा हो कि मैं अपने में सन्तुष्ट हो जाऊँ । कितना अच्छा हो कि मैं प्रेमी हो जाऊँ । तो संसार के काम आने में आप स्वाधीन, अपने में सन्तुष्ट होने में आप स्वाधीन और प्रेमी होने में भी आप स्वाधीन ।

        अगर आप संसार के काम आ गए तो गरीबी गई । अपने में सन्तुष्ट हो गए तो गरीबी गई और प्रेम से भरपूर हो गए तो गरीबी गई । तो गरीबी मिटाने का उपाय प्रत्येक भाई में, प्रत्येक बहन में जन्मजात मौजूद है । कहीं बाहर से कुछ नहीं मिलनेवाला है । हाँ बाहर से जितना इकट्ठा करोगे, उतने ही भीतर से गरीब होते चले जाओगे ।

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 16-17)

Saturday, 17 December 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Saturday, 17 December 2011
(पौष कृष्ण सप्तमी, वि.सं.-२०६८, शनिवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
प्रवचन - 1

        एक बार एक अंग्रेज युवक हमारे मानव सेवा संघ आश्रम में आया । भिखारी वेश समझिए, साधु वेश समझिए। हम लोगों जैसे तो कपड़े नहीं थे। तो वह आश्रम में ठहरा रहा। हमारे यहाँ नियम है कि कोई ठहरना चाहे तो ठहर सकता है। हमने उससे कुछ नहीं कहा कि तुम हमारे सत्संग में बैठो या हमारी बात मानो । कोई उसपर पाबन्दी नहीं डाली । तो उससे हमने प्रश्न किया । हमने कहा कि तुमने कोई ऐसा देश देखा है कि जिसके पास कुछ भी न हो और वह आराम से रह ले, जैसा कि हिन्दुस्तान में रहता है । ईमानदार आदमी था । उसने कहा, हमने ऐसा कोई देश नहीं देखा । यह हमारे गरीब देश की महिमा है।

        अमेरिका में जाओ, इंग्लैण्ड में जाओ, चीन में जाओ। या तो सरकार की पेंशन खाओ या भूखे मर जाओ । एक आदमी अपरिचित चला जाय । एक आदमी ऐसा चला जाय जिसका सरकार से कोई सम्बन्ध न हो, तो वह भूखा मर जाएगा। तो अकेली सरकार अमीर हो गयी और सब गरीब हो गए । सरकार दिन-रात माँग रही है । टैक्स पर टैक्स बढ़ते जाते हैं, टैक्स पर टैक्स बढ़ते चले जा रहे हैं ।
               
        मैं तो आपसे यह निवेदन करना चाहता हूँ कि यह गरीबी मिटाने का उपाय नहीं है । जो आप यूरोप (Urope) की नकल कर रहे हैं । टैक्स बढ़ाना तो आपने सीख लिया, सुविधा देना नहीं सीख पाया । अधिकार माँगना तो सीख लिया, क्या कर्तव्यपरायणता को भी अपनाया ? अधिकार माँगनेवाला सदा ही दरिद्र रहेगा । कभी उसकी दरिद्रता मिट नहीं सकती। कर्तव्यनिष्ठ की दरिद्रता मिटती है । कर्तव्यनिष्ठता का अर्थ है दूसरों के अधिकारों की रक्षा करो । यह कर्तव्यपरायणता का अर्थ है। अगर तुम दूसरों के काम आते रहोगे तो तुम्हारी दरिद्रता मिट जाएगी । अगर स्वयं काम-रहित (कामना-रहित) हो जाओगे, तो तुम्हारी गरीबी मिट जाएगी ।  

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 15-16)