Tuesday, 22 November 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Tuesday, 22 November 2011
(मार्गशीर्ष कृष्ण द्वादशी, वि.सं.-२०६८, मंगलवार)
  
दिव्य सन्देश 
श्रीवृन्दावन धाम
11-11-1973
प्राणप्यारे के प्रिय जनों !
        सविनय सेवा में निवेदन है कि जो सदैव होने से अभी और सभी का होने से अपना और सर्वत्र होने से अपने में मौजूद है, वही समर्थ है, वही सर्वेश्वर है और वही प्रेमियों का प्राणेश्वर है । उसी को साधन-तत्व अर्थात् गुरु-तत्व एवं साध्य-तत्व भी कहते हैं । वह गुरु-तत्व साध्य का ही प्रतिरूप है, साध्य की कृपामूर्ति ही गुरुमूर्ति है । यह प्रेमीजनों का अनुभव है।   

        साधक की गुरु-तत्व से ही अभिन्नता होती है, और गुरु-तत्व सर्वदा ही साध्य-तत्व से अभिन्न है । निज-ज्ञान गुरु के प्रकाश में अनुभव करो कि प्रतीति का प्रकाशक और उत्पत्ति का आधार जो है, वही अनादि, अनन्त, अविनाशी तत्व है । उसी से साधकों की जातीय एकता तथा नित्य सम्बन्ध है और वे ही सबके अपने हैं । यह वास्तविकता सद्गुरुवाणी के द्वारा ही स्वीकार की जाती है । स्वीकृति के अनुरूप प्रवृति स्वतः होने लगती है । अतः जिन भागवतजनों ने गुरुमुख द्वारा उसे, जिसे इन्द्रिय, मन, बुद्धि के द्वारा देखा नहीं, अपितु गुरुवाणी के द्वारा स्वीकार किया है, वे धन्य हैं ।

        गुरु-तत्व के बिना अनन्त अगोचर प्राणेश्वर से आत्मीय सम्बन्ध हो ही नहीं सकता । इस दृष्टि से गुरु-तत्व ही एकमात्र श्रीहरि से मिलाने में हेतु है । ज्ञान का प्रकाश दृश्य से सम्बन्ध-विच्छेद कर सकता है और साधक के सर्व दुखों की निवृति हो सकती है; किन्तु नित नव-रस की उपलब्धि के लिए तो आस्था, श्रद्धा, विश्वाशपूर्वक गुरुवाणी द्वारा ही उसे स्वीकार किया जाता है, जो सभी का सब कुछ है । आत्मीय सम्बन्ध ही एकमात्र अखण्ड स्मृति तथा अगाध प्रियता की अभिव्यक्ति में हेतु है । यह रहस्य वे ही साधक जान पाते हैं, जिन्होंने सद्गुरुवाणी को अपनाया है । गुरु-तत्व की प्राप्ति होने पर ही भगवत्-तत्व की प्राप्ति होती है । यह भगवत्प्राप्त साधकों का अनुभव है ।

        निज-ज्ञान के आदर से साधक चिर-शान्ति, जीवन-मुक्ति प्राप्त कर सकता है । परन्तु भक्ति-तत्व की प्राप्ति में तो एकमात्र सद्गुरुवाणी में अविचल आस्था, श्रद्धा, विश्वास ही अचूक उपाय है । यह जीवन का सत्य है । हम सभी सद्गुरु जयन्ती महोत्सव मना रहे हैं । हमें अपने आपके सम्बन्ध में सजीवता लानी चाहिए । वह तभी सम्भव होगी, जब हम अपने में अपने परम प्रेमास्पद को स्वीकार कर निश्चिन्त तथा निर्भय हो जायें। सर्व-समर्थ प्रभु अपनी अहैतुकी कृपा से अपने विश्वासी जनों को अपनी आत्मीयता प्रदान करें, जिससे वे पावन प्रीति पाकर कृत-कृत्य हो जायें ! इसी सद्भावना के साथ,
अकिंचन
शरणानन्द
- (शेष आगेके ब्लागमें)- 'प्रेरणा पथ' पुस्तक से (Page No. 11-12)     

Monday, 21 November 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Monday, 21 November 2011
(मार्गशीर्ष कृष्ण उत्पत्ति एकादशी, वि.सं.-२०६८, सोमवार)

"Swami Sharnanandji - in the words of Swami Ramsukhdasji"
(गत ब्लागसे आगेका)
        आपलोग भी आपसमें एक-दूसरे को सत्संगकी बातें सुनाया करो। इससे आपको भी लाभ होगा। सुनाने से ज्यादा लाभ होता है, यह हमने देखा है। शरणानन्दजी महाराज ने एक बात कही थी कि जो अच्छा सुनाता है, उसकी उम्र बढ़ जाती है ! लोग चाहते हैं कि इनसे बढिया बातें मिलती रहें । इसलिए सुननेवालोंकी सद्भावना के कारण वह जल्दी नहीं मरता । - 'बिन्दुमें सिन्धु' पुस्तक से (Page No. 85)

        एक आदमीने शरणानन्दजी महाराज से कहा कि जिनके पास ज्यादा धन है, वे आधा धन निर्धनको दे दें तो वे भी सुखी हो जायँ। शरणानन्दजी ने पूछा कि क्या तुम्हारा पक्का विचार है ? वह बोला कि हाँ, पक्का विचार है । शरणानन्दजी ने कहा कि मेरी आँखें नहीं है, तुम्हारे पास दो आँखें हैं तो एक आँख मेरेको दे दो। एक आँख से तुम्हारा भी काम चल जाएगा और मेरा भी। यह सुनते ही वह भाग गया, ठहरा नहीं ! कारण यह है कि लोग भीतरमें दूसरेका धन देखकर जलते हैं, पर बाहरसे निर्धनोंके हितकी कोरी बात बनाते हैं । इसलिए भगवान् के समान दूसरे का हित चाहनेवाला कोई नहीं है । - 'बिन्दुमें सिन्धु' पुस्तक से (Page No. 131)

        शरणानन्दजी से किसी ने पूछा कि महाराज, यहाँ कार्यक्रम पूरा करके आप कहाँ जाओगे ? वे बोले कि फुटबालको क्या पता कि खिलाड़ी उसे कहाँ लुढ़कायेगा ? जहाँ मालिक लुढ़कायेगा, वहीं जाएँगे । इस तरह शरणागत का भाव फुटबालकी तरह होता है। प्रिया और प्रियतमके खेलमें फुटबाल बन जाओ । दोनोंके चरणोंका स्पर्श हो और दोनों पीछे-पीछे भागें ! दोनों की जय-पराजय भी हमारे हाथमें ! हमें किसी की गरज नहीं और प्रिया-प्रियतम दोनोंको हमारी गरज ! - 'बिन्दुमें सिन्धु' पुस्तक से (Page No. 180)

         शरणानन्दजी की पुस्तकों में गीताजी की असली-असली गहरी बातें आती हैं । इतने जानकार होने पर भी उनमें अपनी जानकारी का अभिमान कभी आया ही नहीं ! उनकी मान्यता थी कि सिद्धान्त भगवान् का होता है, पर व्यक्ति अपना मानकर उसको अशुद्ध कर देता है । वे कहते थे कि संसार की कोई वस्तु व्यक्तिगत है ही नहीं । उन्होंने ऐसी बारीक-बारीक बढिया बातें बतायीं हैं, जो पहलेवाली बातों से भी विशेष हैं और उनसे आदमीमें बहुत जल्दी परिवर्तन होता है । - 'बिन्दुमें सिन्धु' पुस्तक से (Page No. 213)  

- (शेष आगेके ब्लागमें)- "बिन्दुमें सिन्धु" पुस्तक प्राप्ति स्थान (गीता प्रकाशन, गोरखपुर, Mobile : 09389593845, 07668312429) Email: radhagovind10@gmail.com
To get this book free in mail, please write to- feedback@swamisharnanandji.org

Sunday, 20 November 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Sunday, 20 November 2011
(मार्गशीर्ष कृष्ण दशमी, वि.सं.-२०६८, रविवार)

"Swami Sharnanandji - in the words of Swami Ramsukhdasji"
(गत ब्लागसे आगेका) 
        श्रीशरणानन्दजी महाराज ने कहा कि जो हमारे बिना रह सकता है, उसके बिना हम भी मौज से रह सकते हैं। - 'सीमा के भीतर असीम प्रकाश' पुस्तक से (Page No. 34)

        मेरा भगवान में प्रेम हो जाय। इस एक बात में सबकुछ आ जाएगा। इसमें पुरुषार्थ इतना ही है कि इस बात को भूलें नहीं, केवल याद रखें । ऐसा करोगे तो मैं अपने पर आपकी बड़ी कृपा मानूँगा, एहसान मानूँगा। केवल याद रखना है, इतनी ही बात है। ऊँची-से-ऊँची सिद्धि इससे हो जाएगी । सदा के लिए दुःख मिट जाएगा। कर्मयोग, ज्ञानयोग तथा भक्तियोग - ये तीनों योग सिद्ध हो जाएँगे । केवल अपनी आवश्यकता को याद रखें, भूलें नहीं। यह बात मामूली नहीं है । मुझे किसी ग्रन्थ में यह बात मिली नहीं । स्पष्टरूप से केवल एक जगह सन्तों की (श्रीशरणानन्दजी महाराज) की वाणी में मिली है । शास्त्रों की बात की अपेक्षा अनुभवी सन्तों की बात श्रेष्ठ है । - 'सीमा के भीतर असीम प्रकाश' पुस्तक से (Page No. 85)

        अहम् (मैंपन) के साथ जो जानना होता है, उसमें अभिमान होता है; परन्तु अहम् के बिना जो जानना होता है, उसमें अभिमान नहीं होता । इसे श्रीशरणानन्दजी महाराज ने 'अभिमानशून्य अहम्' कहा है, जो व्यवहार मात्र के लिए होता है । - 'सीमा के भीतर असीम प्रकाश' पुस्तक से (Page No. 132)

        शरणानन्दजी से किसी ने पूछा कि आपका गुरु कौन है ? वे बोले कि जो मेरे से ज्यादा जानता है, वह मेरा गुरु है । फिर पूछा कि आपका चेला कौन है ? जो मेरे से कम जानता है वह मेरा चेला है। - 'सीमा के भीतर असीम प्रकाश' पुस्तक से (Page No. 139)

        " ‘दु:ख का प्रभाव’ एक पुस्तक है शरणानन्दजी की, पढ़ो उसको। शरणानन्दजी की बातें जल्दी समझ में नहीं आतीं। बड़ी विचित्र बातें हैं। उन्होंने कहा है कि मैं एक क्रान्तिकारी संन्यासी हूँ। जितने साधन बताये हैं, सबमें क्रान्ति कर दी, एकदम! ऐसी विचित्र बातें बतायी हैं जो आदमी के कान खुल जायँ, आँख खुल जायँ, होश आ जायँ। - स्वामी श्रीरामसुखदासजी "

" Listen This Discourse In The Voice Of Swami Shri Ramsukhdasji "

- (शेष आगेके ब्लागमें)- "सीमा के भीतर असीम प्रकाश" पुस्तक प्राप्ति स्थान (गीता प्रकाशन, गोरखपुर, Mobile : 09389593845, 07668312429)
Email: radhagovind10@gmail.com
To get this book free in mail, please write to- feedback@swamisharnanandji.org

Saturday, 19 November 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Saturday, 19 November 2011
(मार्गशीर्ष कृष्ण नवमी, वि.सं.-२०६८, शनिवार)

"Swami Sharnanandji - in the words of Swami Ramsukhdasji"

        श्रीशरणानन्दजी महाराज का मार्मिक वचन है कि 'किसी को दुःख देकर जो सुख लेते हैं, वह परिणाम में अनन्त दुःख देता है और किसी को सुख देकर जो दुःख लेते हैं, वह परिणाम में महान आनन्द देता है।' - 'सीमा के भीतर असीम प्रकाश' पुस्तक से (Page No. 76)

        सगुण और निर्गुण दोनों को ठीक तरह से जाननेवाले बहुत कम हैं। दोनों से उपर जाननेवाले बहुत कम महात्मा हुए हैं । शरणानन्दजी महाराज ऐसे महात्मा थे । परन्तु उनके बात को हरेक ठीक तरह से पकड़ नहीं पाता । - 'सीमा के भीतर असीम प्रकाश' पुस्तक से (Page No. 15)

        (श्रीशरणानन्दजी महाराज) कहते हैं कि 'मैंने चेला बनाना शुरू किया; परन्तु चेलों की यह आदत है कि गुरूजी को कसकर पकड़ लेते हैं, भगवान् को नहीं पकड़ते । तो मैंने चेला बनाना छोड़ दिया। - 'सीमा के भीतर असीम प्रकाश' पुस्तक से (Page No. 27)

        "शरणानन्दजी महात्मा क्या थे महाराज ! मेरे मनसे अगर आप पूछो तो नये दार्शनिक थे ! जैसे योग है, सांख्य है, पूर्व मीमांसा है, उत्तर मीमांसा है, न्याय है, छ: दर्शन है। छ: दर्शनोंसे निराला दर्शन है उनका। इतना किसने समझा है? किसने ख्याल किया है? बताओ । मैं ये बात बता सकता हूँ आपको । दार्शनिक, नये दार्शनिक ! परन्तु किसका विश्वास है? ज्ञानयोगमें, कर्मयोगमें, भक्तियोगमें विलक्षण बातें बतायी उन्होंने; उनकी बातें अकाट्य है; कोई खण्डन नहीं कर सकता उनकी बातोंका । आपके शास्त्र आपसमें खण्डन करते हैं एक-दूसरेका, मगर उनकी बातों का खण्डन करें कोई ! और प्रमाण देते नहीं हैं, किसी शास्त्र का, किसी पुस्तक का कोई प्रमाण नहीं । उनसे कहा था कि प्रमाण क्यों नहीं देते ? उन्होंने कहा कि जिसे संदेह हो वे प्रमाण दें, मुझे संदेह ही नहीं तो प्रमाण क्यों दें? प्रमाण कि क्या आवश्यकता है? उस संत को कितना आदर दिया हमलोगोंने? -स्वामी श्रीरामसुखदासजी "     
                 

        "शरणानन्दजी महाराज ने अपने को बड़ा क्रान्तिकारी संन्यासी बताया है। इन्होंने ऐसी बारीक-बारीक बढ़िया बातें बतायी हैं, जिसमें पहले वाली बातें उनसे विशेष बातें बतायी हैं। शरणानन्दजी की बातों से बहुत जल्दी परिवर्तन होता है और सबके सिद्धान्त से अगाड़ी हो, ऐसी बातें निकाल के गये हैं। उसमें भी ये बात बतायी हैं, कि सबसे श्रेष्ठ आदमी कौन है? जो हरि का आश्रय लेता है और विश्राम करता है, दो बातें बतायी हैं। --स्वामी श्रीरामसुखदासजी"


- (शेष आगेके ब्लागमें) - "सीमा के भीतर असीम प्रकाश" पुस्तक प्राप्ति स्थान (गीता प्रकाशन, गोरखपुर, Mobile: 09389593845, 07668312429)
Email: radhagovind10@gmail.com

Friday, 18 November 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Friday, 18 November 2011
(मार्गशीर्ष कृष्ण अष्टमी, वि.सं.-२०६८, शुक्रवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
सन्त उद्बोधन

45.    जो अपने में नहीं है, वह कभी भी अपने को नहीं चाहिए - यही वास्तविक त्याग है। इसको अपनाये बिना चिर-शान्ति, जीवन-मुक्ति तथा परम प्रेम की प्राप्ति नहीं हो सकती ।

46.    निर्लोभता के बिना दरिद्रता का, निर्मोहता के बिना भय का, निष्कामता के बिना अशान्ति का और असंगता के बिना पराधीनता का नाश नहीं होता । यह दैवी विधान है ।

47.    देहाभिमान रहते हुए कभी भी कोई भी पराधीनता आदि विकारों से रहित नहीं हो सकता । इस दृष्टि से सुख, सुविधा, सम्मान की वासना का अन्त करना अनिवार्य है, जो एकमात्र सत्य को स्वीकार करने पर ही सम्भव है ।

48.    आंशिक साधना के आधार पर अपने को सन्तुष्ट करना बड़ी ही भयंकर असाधना है । इससे सजग साधक को बड़ी ही सावधानीपूर्वक अपने को बचाना चाहिए । यह तभी सम्भव होगा जब साधक को आंशिक असाधना भी असह्य हो जाय । उसके लिए आंशिक साधना को साधना नहीं मानना चाहिए ।

49.    असाधन प्राकृतिक नहीं है । मानव अपनी ही भूल से असत् के संग को अपनाकर असाधन को जन्म देता है । जिसे मानव ने अपनी भूल से उत्पन्न किया है, उसका नाश भूल-रहित होने पर ही होगा । इस दृष्टि से भूल-रहित होने में ही मानव का पुरुषार्थ है। भूल-रहित होने के लिए अपनी भूल का अनुभव करना अत्यन्त आवश्यक है । अपनी भूल का अनुभव तभी होगा, जब आंशिक साधना को अपनी साधना स्वीकार न किया जाय, अपितु आंशिक असाधन को भूल मान लिया जाय । 

- ‘सन्त उद्बोधन’ पुस्तक से (Page No. 24-26) [For details, please read the book]

Thursday, 17 November 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Thursday, 17 November 2011
(मार्गशीर्ष कृष्ण सप्तमी, वि.सं.-२०६८, गुरुवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
सन्त उद्बोधन

39.    मेरा कुछ नहीं है, यह जानने की बात है और बुराई रहित होना, यह धर्म है, धारण करने की बात है । तो धर्म को धारण करो, भूल रहित हो जाओ और परमात्मा को मान लो। आपका जीवन कल्याणमय हो जाएगा ।

40.    भगवान् की दृष्टि से हम कभी ओझल नहीं हैं, उनकी सत्ता से हम कभी बाहर नहीं हैं । हम भगवान् की महिमा स्वीकार नहीं करते, उनके अस्तित्व को स्वीकार नहीं करते, तो उससे भगवान् हमको दूर मालूम होते हैं ।

41.    भगवान् के अस्तित्व को स्वीकार करना ही तो आस्तिकता है और महत्व को स्वीकार करना ही भगवान् की स्तुति है और भगवान् के सम्बन्ध को स्वीकार करना ही उपासना है।

42.    भगवान् के अस्तित्व को, महत्व को और सम्बन्ध को स्वीकार करना अपना काम है और उस स्वीकृति को सजीव कर देना, यह प्रभु का काम है । जब हम अपना काम ठीक कर देते हैं तो प्रभु का काम ठीक होता रहता है, इसमें कमी होती नहीं है।

43.     साधक के जीवन में असफलता के लिए कोई स्थान ही नहीं है - इस महावाक्य में अविचल आस्था करते ही सफलता की उत्कृष्ट लालसा तीव्र होती है, जो समस्त कामनाओं को भस्मीभूत कर साधक को साध्य से अभिन्न कर देती है । यह सजग साधकों का अनुभव है ।

44.    अपने परम प्रेमास्पद सदैव अपने ही में हैं । उनमें अपनी अविचल आस्था रहनी चाहिए । प्रेमास्पद के अस्तित्व तथा महत्व को स्वीकार कर उनसे आत्मीय सम्बन्ध अत्यन्त आवश्यक है । आत्मीय सम्बन्ध से ही साधक में अखण्ड स्मृति तथा अगाध प्रियता की अभिव्यक्ति होती है ।

(शेष आगेके ब्लागमें) - ‘सन्त उद्बोधन’ पुस्तक से (Page No. 19-24) [For details, please read the book]

Wednesday, 16 November 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Wednesday, 16 November 2011
(मार्गशीर्ष कृष्ण षष्ठी, वि.सं.-२०६८, बुधवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
सन्त उद्बोधन

31.    जगत् की उदारता, प्रभु की कृपालुता और सत्पुरुषों की सद्भावना - ये प्रत्येक साधक के साथ सदैव रहती हैं ।

32.    एकान्त का पूरा लाभ तब होता है जब हमारा सम्बन्ध एक ही से रह जाये । अनेक सम्बन्ध लेकर एकान्त में जाते हैं तो उतना लाभ नहीं होता, जितना होना चाहिए । हमारे सम्बन्ध पहले बदलने चाहिए । एक से रहे, अनेक से नहीं ।

33.    संसार परमात्मा की प्राप्ति में बाधक नहीं है, बल्कि सहायक है । उसका जो हम सम्बन्ध स्वीकार करते हैं वही बाधक है।

34.    परमात्मा कहाँ है, कैसा है, क्या है - इसके पीछे न पड़ते हुए 'परमात्मा' है, यह मान लेना चाहिए । इससे बहुत लाभ होता है ।

35.    अपनी भूल को जान लेने से भी बड़ा लाभ होता है । क्योंकि भूल को जानने से वेदना होती है और वेदना से भूल नाश होती है और भूल रहित होने से अपना हित होता है ।

36.    मौन का अर्थ खाली चुप होना नहीं है, बल्कि न सोचना भी है, न देखना भी है अपनी ओर से । मुझे जो चाहिए सो तो मुझमें है, फिर इंद्रियों की क्या अपेक्षा ?

37.    मौन के पीछे एक दर्शन है कि हमको जो चाहिए वह अपने में है, अपना है और अभी है । यही सर्वश्रेष्ठ परमात्मवाद है ।

38.    भगवान की महिमा का कोई वारापार नहीं है । पसन्द भर करना हमारा काम है; बाकी तो भगवान की अहैतुकी कृपा सारा काम स्वतः कर देती है ।

(शेष आगेके ब्लागमें) - ‘सन्त उद्बोधन’ पुस्तक से (Page No. 17-19) [For details, please read the book]