Friday, 16 December 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Friday, 16 December 2011
(पौष कृष्ण षष्ठी, वि.सं.-२०६८, शुक्रवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
प्रवचन - 1

        कोई कहता है - धन बाँट दो गरीबी मिट जाएगी । कोई कहता है - धन छीन लो गरीबी मिट जाएगी । कोई कहता है - कर्ज दे दो गरीबी मिट जाएगी। क्या तमाशा बना रखा है ?

        एक आदमी की गरीबी सारा संसार मिल कर मिटाना चाहे तो नहीं मिटा सकता और यदि आप अपनी गरीबी मिटाना चाहे तो अभी-अभी हम और आप अपनी गरीबी को मिटा सकते हैं। कैसे ? बल का सदुपयोग करके, ज्ञान का आदर करके, निर्विकल्प विश्वास करके हम अपनी गरीबी मिटा सकते हैं । क्यों ? बल के सदुपयोग से कर्तव्यपरायणता आ जाएगी । कर्तव्यपरायणता से हम राग-रहित हो जाएँगे, ज्ञान के आदर से हम निर्मम, निष्काम और असंग होकर क्रोध-रहित हो जाएँगे, विषमता-रहित हो जाएँगे, पराधीनता-रहित हो जाएँगे और आत्मीयता से जाग्रत प्रियता से नीरसता-रहित हो जाएँगे और इस प्रकार गरीबी मिट जाएगी ।

        गरीबी मिटाने का उपाय वैज्ञानिक के पास नहीं है । गरीबी मिटाने का उपाय किसी कलाकार के पास नहीं है । गरीबी मिटाने का उपाय किसी साहित्यिक के पास नहीं है । गरीबी मिटाने का उपाय तो मानव-मात्र के पास है । वह क्या है ? सत्संग । सत्संग से गरीबी मिटेगी । क्यों ? अब इसको जरा वैज्ञानिक दृष्टि से सोचिए - वैज्ञानिक दृष्टि से ।

        वैज्ञानिक तथ्य क्या है ? आप अनुभव करके देखें । अगर हमारे जीवन में निर्लोभता आ जाती तो हम संग्रही होते क्या? बोलो, अनुदार होते क्या ? अगर हमारे जीवन में निर्लोभता आ जाती तो हम भिखारी होते क्या ? बोलो । भिखारी भी नहीं होते, अनुदार भी नहीं होते, संग्रही भी नहीं होते । जिसके जीवन में भिखारी-पन चला गया, अनुदारता चली गयी, संग्रह चला गया, वहाँ गरीबी टिकेगी ? क्या राय है ? कभी भी नहीं रह सकती है। यह इतना जबरदस्त भ्रम है हम लोगों को ।

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 14-15)

Thursday, 15 December 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Thursday, 15 December 2011
(पौष कृष्ण पंचमी, वि.सं.-२०६८, गुरुवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
प्रवचन - 1

        धूम मचाए हैं, गरीबी मिटेगी, गरीबी मिटेगी । कैसे मिटेगी ? कि सेठ को हटा दो सैक्रेट्री को रख दो । रानी के पेट से निकला हुआ राजा नापसन्द है तो जनता के पेट से निकला हुआ मिनिस्टर गरीबी मिटाएगा ? बिल्कुल भ्रमात्मक धारणा है । उन्होंने कहा साहब, गरीबी तब मिटेगी, जब सारे संसार में बहुत से कल-कारखाने हो जाएँगे । अरे, जिन देशों में बहुत से कल-कारखाने हो गए हैं, उनकी गरीबी नहीं मिटी। गरीबी मिटती तो क्या वे यह कहते ।

        किसी पैसेवाले से जाकर मिलना और पूछना कि ईमानदारी से कहना - तुम्हारी तो गरीबी मिट गयी होगी । भगवान की कृपा है - टालमटोल करेगा । तो बता भाई तेरी गरीबी तो मिट गई होगी, फिर कर्जा क्यों देतो हो किसी को ? जब तुम्हारे मन में भी धन बढ़ाने की इच्छा है और मैं एक मजदूर हूँ मेरे मन में धन बढ़ाने की इच्छा है तो बताओ वस्तुस्थिति में क्या फर्क रह गया? क्या कर्ज बाँटनेवाला गरीब नहीं है ?

        कर्ज लेनेवाला ही गरीब है क्या ? सोचो जरा ईमानदारी से। क्यों भैया ईमानदारी से बताओ - तुमको किसी से भय तो नहीं है? अभय हो गए, चिन्ता नाश हो गयी ? स्वाधीन हो गए, अमर हो गए ? अमर हो नहीं गया, निर्भय हो नहीं गया, स्वाधीन हो नहीं गया, चिन्ता मिटी नहीं और गरीबी मिट गयी ! कितना हम अपने आपको धोखा देते हैं, कितना हम अकारण दुखी होते हैं, परेशान होते हैं । अजी, गरीबी तो जीवन में इसलिए है क्योंकि आपको पराधीनता प्रिय है । गरीबी तो इसलिए है जीवन में क्योंकि आपको अनुदारता प्रिय है । गरीबी तो इसलिए है क्योंकि तुम्हें प्रेम अप्रिय है ।

        जहाँ प्रेम की गंगा लहराती हो, जहाँ स्वाधीनता का जीवन हो, जहाँ उदारता का जीवन हो वहाँ कहाँ गरीबी ? लेकिन बड़े ही दुःख के साथ कहना पड़ता है कि आज हम मानव होकर मानव-जीवन का कितना अनादर कर रहे हैं, कितनी असावधानी बरत रहे हैं, कितना अपने को धोखा दे रहे हैं ।

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 13-14)

Wednesday, 14 December 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Wednesday, 14 December 2011
(पौष कृष्ण चतुर्थी, वि.सं.-२०६८, बुधवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
प्रवचन - 1

        कल्पना करो, आज का सुधारवादी नेता धूम मचाए हुए है कि गरीबी मिटाओ, गरीबी मिटाओ । मैं आपसे निवेदन करना चाहता हूँ । एक उदाहरण आपके सामने रखना चाहता हूँ। आप मुझको यह बताइये कि गरीबी कहाँ नहीं है। कोई ऐसा देश बताइये, कोई ऐसा वर्ग बताइये जहाँ गरीबी न हो। जहाँ बहुत बड़ी अमीरी दिखाई देती है वहाँ गरीबी का दर्शन होता है या नहीं । अगर कोई ईमानदार मानव इस बात को सिद्ध कर दे कि हमने अमुक परिस्थिति में ऐसा पाया कि जहाँ गरीबी नहीं थी ।

        गरीबी का अर्थ जरा सोचिए तो सही । जबतक हमको उससे (परमात्मा से) भिन्न, जो अपने में है कुछ भी चाहिए, तबतक गरीबी मिट सकती है क्या ? बोलो भई बोलो । जबतक हमें वह चाहिए जो अपने में नहीं है, जो अभी नहीं है उससे भिन्न यदि चाहिए तो गरीबी मिट सकती है क्या ? हाँ, गरीबी का रूप बदल जाएगा । रूप क्या बदल जाएगा ? जैसे 3/4 लिखते हैं न, उसे कोई 75/100 लिख दे । तो देखने में तो बहुत बड़ी संख्या हो गयी, पर अर्थ में क्या अन्तर पड़ा ?

        हमसे बताइये, एक व्यक्ति को बताइये, जो ईमानदारी से यह कह सके कि परिस्थिति के आश्रित होकर, संसार के आश्रित होकर मेरे सभी संकल्प पुरे हो गए । ऐसा कोई नहीं मिलेगा । सारे विश्व में नहीं मिलेगा । इतना ही नहीं, दूसरी यह बात भी कि कोई ऐसा आदमी भी नहीं मिलेगा जो कहे कि मेरा कोई संकल्प पूरा नहीं हुआ । भई, जब सभी संकल्प किसी के पुरे नहीं होते और कुछ संकल्प सभी के पुरे होते हैं । यदि यह जीवन का सत्य है तो निःसंकल्प हुए बिना गरीबी कैसे मिटेगी ?

        गम्भीरता से विचार किया जाय, बड़े धीरज से इस बात पर विचार किया जाय कि जबतक हम निर्विकल्प नहीं होते तबतक गरीबी कैसे मिटेगी ? जबतक निःसंकल्प नहीं होंगें तबतक निर्विकल्प होंगे कैसे ? निर्मम होने से निःसंकल्प होंगे, निःसंकल्प होने से निर्विकल्प होंगे । निर्विकल्प होने से गरीबी क्यों मिटेगी ? इसलिए मिटेगी कि जीवन अभी है, अपने में है। इसलिए गरीबी मिटेगी ।

        अगर जीवन अपने में न होता, तो निर्विकल्प होने से गरीबी कभी नहीं मिटती । किन्तु महानुभाव, हम इस वास्तविकता पर विचार नहीं करते, जीवन का अध्ययन नहीं करते, जीवन के सत्य को स्वीकार नहीं करते ।  

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 12-13)

Tuesday, 13 December 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Tuesday, 13 December 2011
(पौष कृष्ण तृतीया, वि.सं.-२०६८, मंगलवार)

(गत ब्लागसे आगेका)   
प्रवचन - 1

        गम्भीरता से विचार करें। महानुभाव, ईश्वरवाद का अर्थ अभ्यासवाद नहीं है, ईश्वरवाद का अर्थ विश्वासवाद है। ईश्वरवाद का अर्थ विचारवाद नहीं है, ईश्वरवाद का अर्थ आत्मीयतावाद है । ईश्वर में विश्वास करो और उसे अपना मानो और अभी मानो ।  इसका नाम ईश्वरवाद है ।

        ईश्वरवाद का अर्थ यह भी नहीं है कि हम ईश्वरवादी होकर, ईश्वर को अपना मानकर ईश्वर के सामने सदा हाथ पसारे रहें। हमें यह दे दो, हमें यह दे दो, हमें यह दे दो । जो हमें चाहिए वह बिना माँगे ही हमें मिलता है और जो बिना माँगे नहीं मिलता है, वह माँगने से भी नहीं मिलता । तो फिर माँगने का अर्थ क्या हुआ? इसलिए यह विधान ही है कि जो हमें चाहिए, वह बिना माँगे मिल जाएगा । और माँगने से भी कुछ नहीं मिलता तो माँगने का कोई अर्थ ही नहीं है ।

        यह मानव-जीवन है परमात्मा को अपने में, अभी प्राप्त करने के लिए । यह मानव-जीवन है मिली हुई वस्तु, योग्यता, सामर्थ्य के द्वारा संसार के काम आने के लिए । यह मानव-जीवन है ज्ञानपूर्वक निर्मम, निष्काम, असंग होकर अपने में संतुष्ट होने के लिए । यह आपका-हमारा मानव-जीवन है ।

        मानव-समाज में जो आज हलचल मची है, वह क्यों है ? वह केवल इसलिए है कि हम अपने में सन्तुष्ट नहीं हैं । वह किसलिए है कि हम संसार के काम आते नहीं हैं, वह केवल इसलिए है कि हम वर्तमान में अपने में अपने परमात्मा से मिलते नहीं हैं ।
    
- (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 11-12)

Monday, 12 December 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Monday, 12 December 2011
(पौष कृष्ण द्वितीया, वि.सं.-२०६८, सोमवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
प्रवचन - 1

        बुराई-रहित होने में सब स्वतन्त्र हैं ही । बुराई करना या न करना आपके वश की बात है । अगर आप बुराई करना पसन्द न करें तो बुराई आपके पास अपने आप थोड़े ही आ जाएगी । तो संसार की सेवा करने में मानव सर्वथा स्वाधीन और समर्थ है । यथाशक्ति भलाई करने में भी समर्थ है और की हुई भलाई का फल न चाहने में भी समर्थ है । की हुई बुराई को न दोहराने में भी समर्थ है और जानी हुई बुराई को न करने में भी समर्थ है ।

        यह तो संसार की सेवा हुई । फिर हमारी सेवा कैसी होगी? हमारी सेवा होगी अचाह होने से । "मुझे कुछ नहीं चाहिए", इसके द्वारा हम अपनी सेवा कर सकेंगे । कैसे ? अचाह होने से जब हम अप्रयत्न हो जाएँगे तब । अप्रयत्न होने पर हमारा स्थूल शरीर स्थूल संसार से, सूक्ष्म शरीर सूक्ष्म संसार से, कारण शरीर कारण संसार से सम्बन्ध टूट जाएगा ।

        जब हमारा और संसार का सम्बन्ध टूट जाएगा, तब हममें अपने में संतुष्ट होने की सामर्थ्य आ जाएगी । और जब हममें अपने में संतुष्ट रहने की सामर्थ्य आ जाएगी तब अपने में जो अपना परमात्मा है, उसका अनुभव हो जाएगा । ऐसा प्रभु-विश्वासी ही कह सकता है, क्योंकि परमात्मा को सभी ईश्वर-विश्वासियों ने अपना स्वीकार किया है, सदैव स्वीकार किया है, सर्वत्र स्वीकार किया है ।

        किसी भी परमात्मा को माननेवाले ने यह नहीं कहा कि परमात्मा समर्थ नहीं है, सदैव नहीं है, सर्वत्र नहीं है, अद्वितीय नहीं है । तो सदैव होने से अभी है, सर्वत्र होने से अपने में है, सभी का होने से अपना है, समर्थ है और अद्वितीय है । अब ये तीन बातें आपके सामने आईं कि परमात्मा अभी है, अपना है, अपने में है । तीन बातें ये हुईं ।

        जो चीज अभी है, उसके लिए भविष्य की आशा करेंगे क्या? और जो चीज अपने में है, उसे कहीं बाहर ढूँढोगे क्या ? और जो चीज अपनी है, उससे प्रियता उदित नहीं होगी क्या ? जो समर्थ है, वह हमें अपनाएगा नहीं क्या ? जो चीज अपनी है, उसे भूल जाएँगे क्या ? जो अद्वितीय है, उसकी पहचान करनी पड़ेगी क्या? अद्वितीय वस्तु की पहचान थोड़े ही करनी पड़ती है ।

        इससे सारांश क्या निकला ? इससे तात्पर्य यह निकला कि जब हमें परमात्मा की पहचान नहीं करना है, तो बुद्धि की आवश्यकता क्या ? और अपना है तो प्रिय क्यों नहीं लगेगा? और जब अपने में है, तो अपने से दूर हो ही कैसे सकता है ?

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 10-11)

Sunday, 11 December 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Sunday, 11 December 2011
(पौष कृष्ण प्रतिपदा, वि.सं.-२०६८, रविवार)

प्रवचन - 1

    मेरे निजस्वरूप उपस्थित महानुभाव तथा भाई और बहन !

       माँग (स्वाधीन होना या दुःखों की आत्यन्तिक निवृति होना) की पूर्ति संसार की सहायता से नहीं हो सकती । इसलिए हमें माँग की पूर्ति के लिए किसी परिस्थिति, किसी अवस्था, किसी वस्तु-व्यक्ति का किसी देश-काल का, आवाहन नहीं करना है ।

        अगर यह बात आपको पसन्द आ जाय कि माँग की पूर्ति के लिए संसार की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है, तो माँग की पूर्ति के लिए संसार की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है । क्यों ? क्योंकि संसार हमें जो सहायता देता है, उससे हमारी माँग की पूर्ति नहीं हो सकती ।

        फिर हमारा और संसार का सम्बन्ध क्या है ? केवल यह सम्बन्ध है, कि संसार की धरोहर के रूप में जो हमारे पास शरीर है, वस्तु है - यह संसार की धरोहर है  - यह हमें आपको संसार से मिली है। संसार की जो धरोहर हमारे पास है, उसे हम विधिवत्, हर्षपूर्वक, पवित्र भाव से संसार की सेवा में लगा दें । अर्थात् हमारा और संसार का सम्बन्ध सेवा का सम्बन्ध है । हमारा और संसार का और कोई सम्बन्ध नहीं है ।

        सेवा का अर्थ क्या है ? सेवा का अर्थ है मन, वाणी, कर्म से बुराई-रहित होना । सेवा का अर्थ क्या है ? यथाशक्ति परिस्थिति के अनुसार भलाई करना । लेकिन वह कब ? जब की हुई भलाई का फल और मान न माँगें तब । बुराई-रहित होकर भलाई का फल न माँगें न चाहें - यह संसार की सबसे बड़ी सेवा है ।   

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'सन्तवाणी, भाग - 8' पुस्तक से । (Page No. 09-10)

Saturday, 10 December 2011

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Saturday, 10 December 2011
(मार्गशीर्ष शुक्ल पूर्णिमा, वि.सं.-२०६८, शनिवार)

(गत ब्लागसे आगेका)
सन्त हृदयोद्गार

89.    प्रवृति के द्वारा जिस किसी को कुछ मिलता है, वह कालान्तर में स्वतः मिट जाता है ।

90.    प्रार्थना इसलिए नहीं की जाती कि आप कहेंगे, तब परमात्मा सुनेंगे। प्रार्थना का असली रूप है - अपनी आवश्यकता ठीक-ठीक अनुभव करना।

91.    जिस प्रकार प्यास लगना ही पानी का माँगना है, उसी प्रकार अभाव की वेदना ही प्रार्थना है ।

92.    जो तुम्हारे सम्बन्ध में तुमसे भी अधिक जानते हैं, क्या उनसे भी कुछ कहना है ?

93.    जिस प्रकार माँ को शिशु की सभी आवश्कताओं का ज्ञान है एवं शिशु के बिना कहे ही माँ वह करती है, जो उसे करना चाहिए, उसी प्रकार आनन्दघन भगवान् हमारे बिना कहे ही वह अवश्य करते हैं, जो उन्हें करना चाहिए । परन्तु हम उनकी दी हुई शक्ति का सदुपयोग नहीं करते और निर्बलता मिटाने के लिए बनावटी प्रार्थना करते रहते हैं ।

94.    प्रभु की महिमा सुनकर जो ईश्वरवादी होते हैं, वे कामी हैं, प्रेमी नहीं ।

95.    योग की प्राप्ति में, बोध की प्राप्ति में, प्रेम की प्राप्ति में कुछ न चाहना ही मूल मन्त्र है ।

96.    अपने प्रियतम को अपने से भिन्न किसी और में अनुभव मत करो ।

97.    जिनके सम्बन्धमात्र में ही देहाभिमान गल जाता है, उनके प्रेम की प्राप्ति में भला देहादि की क्या अपेक्षा होगी ?

- 'सन्त हृदयोद्गार' पुस्तक से ।