Friday, 11 January 2013

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Friday, 11 January 2013  
(पौष अमावस्या, वि.सं.-२०६९, शुक्रवार)

(गत ब्लाग से आगेका)
अशुद्धि क्या है ?

         प्राकृतिक नियम के अनुसार चित्त स्वभाव से ही शुद्धि की और गतिशील होता है । इसी कारण चित्त में चंचलता प्रतीत होती है । जब उसे अपना अभीष्ट रस, प्रसन्नता तथा जीवन मिल जाता है, तब वह सदा के लिए शुद्ध, शान्त एवं स्वस्थ हो जाता है । इस दृष्टि से चित्त हमारा हितैषी है, विरोधी नहीं । उसकी निन्दा करना अपने प्रति घोर अन्याय है। 

         चित्त-शुद्धि की जिज्ञासा तथा लालसा उत्तरोत्तर सबल तथा स्थायी रहनी चाहिए । उससे कभी निराश नहीं होना चाहिए; अपितु चित्त-शुद्धि के लिए नित नव उत्कंठा तथा उत्साह बढ़ता रहना चाहिए । यह नियम है कि उत्साह तथा उत्कंठा में एक अपूर्व रस है और रस चित्त को स्वभाव से ही प्रिय है । ज्यों-ज्यों रस की वृद्धि होती जाती है, त्यों-त्यों चित्त का मनोराज्य गलता जाता है, जिसके गलते ही चिरविश्रान्ति स्वतः आ जाती है, जो सभी को अभिष्ट है । 

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'चित्त-शुद्धि भाग-1' पुस्तक से, (Page No. 15-16) ।

Thursday, 10 January 2013

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Thursday, 10 January 2013  
(पौष कृष्ण चतुर्दशी, वि.सं.-२०६९, गुरुवार)

(गत ब्लाग से आगेका)
अशुद्धि क्या है ?

        संकल्प-पूर्ति के सुख की दासता और संकल्प-अपूर्ति का भय मिट जाने पर संकल्प उत्पत्ति-पूर्ति के जीवन से तद्रूपता नहीं रहती है। तद्रूपता के मिटते ही चित्त स्वतः शुद्ध होने लगता है । पर चित्त इतनी गहरी खाई है कि उसके शुद्ध, शान्त तथा स्वस्थ होते समय भुक्त-अभुक्त संकल्पों के प्रभाव से प्रेरित होकर संकल्पों का प्रवाह चलने लगता है । उसे देखकर साधक भयभीत हो जाता है और स्वयं अपने आप अपनी तथा चित्त की निन्दा करने लगता है ।

        यद्यपि चित्त निन्दनीय नहीं है, उसमें जो भुक्त-अभुक्त संकल्पों का प्रवाह अंकित हो गया है वही त्याज्य है, जो चित्त के शुद्ध होते समय मिटने के लिए स्वयं प्रकट होता है । पर साधक भयभीत होकर उसे दबाने का प्रयास करता है अथवा सुखद मनोराज्य का मिथ्या रस लेने लगता है । उसका परिणाम यह होता है कि वह प्रभाव स्थिर हो जाता है, मिट नहीं पाता और साधक चित्त-शुद्धि से निराश होने लगता है । 

        अनेक प्रकार की युक्तियों से, प्रमाणों से इस धारणा को पुष्ट कर लेता है कि भला हमारा चित्त कैसे शुद्ध हो सकता है, जो स्वभाव से ही चंचल है । पर ऐसी बात नहीं है कि चित्त शुद्ध नहीं हो सकता । 

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'चित्त-शुद्धि भाग-1' पुस्तक से, (Page No. 15) ।

Wednesday, 9 January 2013

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Wednesday, 9 January 2013  
(पौष कृष्ण द्वादशी, वि.सं.-२०६९, बुधवार)

(गत ब्लाग से आगेका)
अशुद्धि क्या है ?

संकल्पों की उत्पत्ति-पूर्ति के जीवन में सभी किसी न किसी प्रकार का अभाव अनुभव करते हैं। यही समस्या इस जीवन से अतीत के जीवन की ओर प्रेरित करती है । वह प्रेरणा जिसका प्रकाश है उसकी सत्ता स्वीकार करना और संकल्प उत्पत्ति-पूर्ति के जीवन को केवल राग निवृति का साधन मानना चित्त की अशुद्धि मिटाने में समर्थ है। इस दृष्टि से संकल्प उत्पत्ति-पूर्ति का जीवन अभाव रूप है और उससे अतीत का जीवन भावरूप है । 

अभाव का प्रकाशन भावरूप सत्ता से ही होता है । यदि अभाव की अनुभूति को वास्तविक जीवन की लालसा मान लिया जाय, तो अभाव की अनुभूति भी वास्तविक जीवन की ओर अग्रसर करने में हेतु बन जाती है । इस दृष्टि से संकल्प उत्पत्ति-पूर्ति का जीवन वास्तविक जीवन का साधन मात्र है और कुछ नहीं । अतः संकल्प उत्पत्ति-पूर्ति को ही जीवन स्वीकार करना चित्त को अशुद्ध रखना है । 

यद्यपि इस स्वीकृति में निज-अनुभूति का विरोध है, फिर भी उसका प्रभाव चित्त पर अंकित रहना चित्त की अशुद्धि का स्वरूप है। इस दृष्टि से चित्त की अशुद्धि जो जीवन में दिखाई देती है वह ऐसी वस्तु नहीं है कि मिट न सके । अवश्य मिट सकती है। पर कब ? जब संकल्प-पूर्ति के सुख का महत्व न रहे, अपितु उसमें पराधीनता का दर्शन हो और संकल्प-अपूर्ति का क्षोभ भयभीत न कर सके ।  

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'चित्त-शुद्धि भाग-1' पुस्तक से, (Page No. 14-15) ।

Tuesday, 8 January 2013

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Tuesday, 8 January 2013  
(पौष कृष्ण सफला एकादशी, वि.सं.-२०६९, मंगलवार)

(गत ब्लाग से आगेका)
अशुद्धि क्या है ?

संकल्पों की उत्पत्ति जिसमें होती है और उनकी पूर्ति जिन साधनों से होती है, उन दोनों का जो प्रकाशक है अथवा जिससे उन दोनों को सत्ता मिलती है, उसमें जीवन-बुद्धि स्वीकार न करना अनुभूति का विरोध है, और संकल्पों की उत्पत्ति-पूर्ति में ही जीवन बुद्धि स्वीकार करना, यह निज अनुभूति का अनादर करना है । इस भूल से ही चित्त अशुद्ध हो गया है । 

अब विचार यह करना है कि संकल्पों की उत्पत्ति का उद्गम स्थान क्या है और उन संकल्पों की पूर्ति जिन साधनों से होती है, उनका स्वरूप क्या है ? जिन मान्यताओं से किसी न किसी प्रकार के भेद की उत्पत्ति होती है, उन मान्यताओं में अहम्-बुद्धि स्वीकार करने पर ही संकल्पों की उत्पत्ति होती है और जिन वस्तुओं से संकल्पों की पूर्ति होती है, वे सभी वस्तुएँ पर-प्रकाश्य हैं, परिवर्तनशील हैं और उत्पत्ति-विनाशयुक्त हैं । 

इसी कारण संकल्प-पूर्ति का सुख संकल्प-उत्पत्ति का हेतु बन जाता है । उत्पत्ति-पूर्ति का क्रम सतत चलता रहता है । उससे तद्रूप होकर प्राणी अनेक प्रकार के अभाओं में आबद्ध होकर दीनता तथा अभिमान की अग्नि में दग्ध होता रहता है । संकल्पों की उत्पत्ति-पूर्ति से अतीत के जीवन पर विश्वास हो जाय अथवा उसका अनुभव हो जाय तो प्राणी बड़ी ही सुगमतापूर्वक चिर-विश्राम पाकर कृतकृत्य हो जाता है ।

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'चित्त-शुद्धि भाग-1' पुस्तक से, (Page No. 13-14) ।

Monday, 7 January 2013

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Monday, 7 January 2013  
(पौष कृष्ण दशमी, वि.सं.-२०६९, सोमवार)

अशुद्धि क्या है ?

चित्त की शुद्धि का भले ही किसी को ज्ञान न हो, पर चित्त की अशुद्धि का तो ज्ञान मानव-मात्र को है; क्योंकि यदि ऐसा न होता तो चित्त की शुद्धि का प्रश्न ही उत्पन्न न होता । विचार यह करना है कि हमारी अपनी दृष्टि में अपने में क्या अशुद्धि प्रतीत होती है ? 

जब हम अपने चित्त को अपने अधीन नहीं पाते हैं तब यह भास होता है कि चित्त में कोई दोष है । यदि हमारा चित्त हमारे अधीन होता, तो हम चित्त के लगाने और हटाने में अपने को सर्वदा स्वाधीन पाते । पर ऐसा करने में हम अपने को असमर्थ पाते हैं, हमारी असमर्थता ही हमें यह बता देती है कि हमारे चित्त में कोई अशुद्धि है ।

किसी भी अस्वाभाविकता का आ जाना ही अशुद्धि है । इस दृष्टि से हमें अनुभूति के आधार पर यह जान लेना है कि हमारे चित्त में क्या अस्वाभाविकता आ गई है, जिससे हम अपने चित्त को अपने अधीन नहीं रख पाते हैं । संकल्पों की उत्पत्ति तथा पूर्ति को ही हम अपना जीवन मान बैठें हैं । 

यद्यपि संकल्पों की उत्पत्ति से पूर्व भी जीवन है और संकल्प-पूर्ति के पश्चात् भी जीवन है; परन्तु हम उस स्वाभाविक जीवन की ओर ध्यान नहीं देते और संकल्प की उत्पत्ति तथा उसकी पूर्ति की द्वंद्वात्मक परिस्थिति को ही जीवन मान लेते हैं, यही अस्वाभाविकता है । इस अस्वाभाविकता के प्रभाव से ही चित्त अशुद्ध हो गया है । इस दृष्टि से संकल्पों की उत्पत्ति-पूर्ति में ही जीवन-बुद्धि स्वीकार करना और संकल्पों से अतीत के जीवन की जिज्ञासा तथा लालसा जाग्रत न होना ही चित्त की अशुद्धि है ।

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'चित्त-शुद्धि भाग-1' पुस्तक से, (Page No. 13) ।

Sunday, 6 January 2013

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Sunday, 6 January 2013  
(पौष कृष्ण नवमी, वि.सं.-२०६९, रविवार)

चित्त की शुद्धि का सूक्ष्म विवेचन

1. चित्त का स्वतन्त्र अस्तित्व नहीं है ।

2. चित्त 'करण' है, 'कर्ता' नहीं।

3. चित्त की अशुद्धि अपना बनाया हुआ दोष है, इसलिए अपने द्वारा मिटाया जा सकता है ।

4. जब चित्त का ही स्वतन्त्र अस्तित्व नहीं है, तो अशुद्धि स्थायी हो ही नहीं सकती, इसलिए अशुद्धि का नाश अवश्यम्भावी है ।

5. सर्वांश में चित्त किसी का अशुद्ध नहीं है ।

6. विवेक के अनादर से चित्त की अशुद्धि उत्पन्न हुई है । अतः विवेक के आदर से इसका नाश निश्चित है ।

7. विवेक प्रत्येक मानव को सदा से प्राप्त है ।

8. निज-विवेक के आदर द्वारा प्रत्येक साधक युग-युग की अशुद्धि को वर्तमान में मिटाने में समर्थ है ।

9. अशुद्धि के मिटते ही वास्तविक जीवन की प्राप्ति का साधन सुलभ हो जाता है, अर्थात् साधन और जीवन में अभिन्नता हो जाती है ।

10. चित्त-शुद्धि साधक का पहला और अन्तिम पुरुषार्थ है ।

11. अशुद्धि के ज्ञान में शुद्धि का उपाय निहित है ।

12. एक बार शुद्धि आ जाने पर फिर अशुद्धि नहीं आती ।

13. चित्त शुद्धि के मूल उपाय :--
- आस्तिक दृष्टि से विश्वासपूर्वक अनन्त की अहैतुकी कृपा का आश्रय लेना ।
- अध्यात्म दृष्टि से विवेकपूर्वक अचाह होना ।
- भौतिक दृष्टि से वर्तमान कार्य को पवित्र भाव से, पूरी शक्ति लगाकर, लक्ष्य पर दृष्टि रखते हुए विधिपूर्वक सम्पादित करना ।

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'चित्त-शुद्धि भाग-1' पुस्तक से, (Page No. 7-10) ।

Saturday, 5 January 2013

॥ हरि: शरणम्‌ !॥

Saturday, 5 January 2013  
(पौष कृष्ण अष्टमी, वि.सं.-२०६९, शनिवार)

चित्त की अशुद्धि के मूल कारण

1. सामर्थ्य का दुरूपयोग चित्त की अशुद्धि है ।

2. दोष की वेदना का न होना चित्त की अशुद्धि है ।

3. कर्तव्य का ज्ञान न करना, विश्राम न पाना और जिसको अपना माना, उसको प्यार न करना अस्वाभाविकता है । इससे चित्त अशुद्ध होता है ।

4. किसी भी की हुई, सुनी हुई और देखी हुई भूतकाल की बुराई के आधार पर अपने को, अथवा दुसरे को सदा के लिए बुरा मान लेना चित्त की अशुद्धि है ।

5. वर्तमान की नीरसता चित्त की अशुद्धि का परिचायक है ।

6. व्यर्थ चिन्तन, चित्त को शान्त नहीं होने देता ।

7. वस्तु, अवस्था एवं परिस्थिति के आधार पर अपना मुल्यांकन करने से चित्त अशुद्ध होता है ।

8. संयोग की दासता और वियोग का भय चित्त की अशुद्धि है ।

9. करने में सावधान और होने में प्रसन्न नहीं रहने से चित्त अशुद्ध होता है ।

10. ज्ञान और जीवन में भेद होना चित्त की अशुद्धि है ।

11. साधक अपने व्यक्तित्व के मोह में आबद्ध होकर चित्त को अशुद्ध कर लेता है ।

12. चित्त को दबाए रखना चित्त की अशुद्धि का पोषक है ।

13. संकल्पों की उत्पत्ति और पूर्ति में ही जीवन-बुद्धि स्वीकार कर लेना चित्त की अशुद्धि है ।

14. अहम्-भाव का महत्व चित्त की अशुद्धि है ।

15. चित्त-शुद्धि की साधना में श्रम और कठिनाई का अनुभव एक अस्वाभाविकता है । यह चित्त की अशुद्धि है ।

16. सिमित गुणों का भोग चित्त की अशुद्धि है ।

17. साधन-मार्ग की प्राप्त सिद्धियों में सन्तुष्टि चित्त की शुद्धि में बाधा है ।

18. सिमित अहम्-भाव का नाश न होना मौलिक एवं अन्तिम चित्त की अशुद्धि है ।

- (शेष आगेके ब्लागमें) 'चित्त-शुद्धि भाग-1' पुस्तक से, (Page No. 5-6) ।